सरदार तरनजीत सिंह संधू ने दिल्ली के नए उपराज्यपाल के रूप में कार्यभार संभाला।
उपराज्यपाल ने माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और माननीय गृह मंत्री श्री अमित शाह को यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा कि वह भारत सरकार, दिल्ली सरकार, पड़ोसी राज्यों और दिल्ली के लोगों के साथ मिलकर, प्रधानमंत्री के विकसित दिल्ली और विकसित भारत के विजन को साकार करने का काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि वह सभी हितधारकों के साथ मिलकर शहर की सभी समस्याओं का समाधान करने के लिए काम करेंगे।
सरदार तरनजीत सिंह संधू ने आज लोक निवास में, दिल्ली के 23वें उपराज्यपाल के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश माननीय न्यायमूर्ति देवेंद्र कुमार उपाध्याय ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता भी उपस्थित रहीं।
इस समारोह में माननीय केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण, माननीय विदेश मंत्री श्री एस. जयशंकर, माननीय राज्य मंत्री (कॉर्पोरेट कार्य) श्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली, पंजाब तथा अन्य राज्यों के विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसद और दिल्ली के सत्तारूढ़ तथा विपक्षी दलों के विधायक भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर, दिल्ली उच्च न्यायालय के माननीय न्यायाधीशगण, विभिन्न धर्मों के धार्मिक नेता, प्रतिष्ठित नागरिक, उनके पूर्व सहयोगी तथा पंजाब, दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों से आए उनके सैकड़ों मित्र और शुभचिंतक भी मौजूद थे।
समारोह में बड़ी संख्या में कूटनीतिक कोर के सदस्य भी उपस्थित थे। इनमें भारत में अमेरिका के राजनयिक श्री सर्जियो गोर, भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त श्री फिलिप ग्रीन, भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त श्री एम. रियाज हमीदुल्लाह सहित पड़ोसी और अन्य देशों के कई राजदूत शामिल थे।
शपथ ग्रहण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए, उपराज्यपाल ने कहा कि वे भारत सरकार, दिल्ली सरकार, पड़ोसी राज्यों की सरकारों और दिल्ली के लोगों के साथ मिलकर प्रधानमंत्री के विकसित दिल्ली और विकसित भारत के विजन को साकार करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि वह सभी हितधारकों के सहयोग से, दिल्ली की सभी समस्याओं का समाधान करने की दिशा में प्रयास करेंगे।
उन्होंने माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और माननीय गृह मंत्री श्री अमित शाह को यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए धन्यवाद भी दिया।
बाद में श्री संधू ने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की, तथा ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री रकाब गंज तथा कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर जाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
*****
11-03-2026
उपराज्यपाल, दिल्ली
